- योगीराज भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज विश्व शांति, स्वास्थ्य और मानवता का संदेश लेकर निकले

पालघर । महाराष्ट्र के पालघर से गुरुवार को अहिंसा योग के विशेष जनजागरण अभियान ‘सेव सेल्फ – द अवेकनिंग यात्रा (फेज-2)’ का शुभारंभ हुआ। ब्रह्मर्षि योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज 14 दिवसीय आध्यात्मिक यात्रा पर पालघर से काशी (वाराणसी) के लिए रवाना हुए। यात्रा का आयोजन श्री हरि नारायण सेवा संस्थान, पालघर एवं अहिंसा योग के तत्वावधान में किया जा रहा है।
यात्रा महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए काशी पहुंचेगी। इसका उद्देश्य योग, अहिंसा, आत्मजागरण, मानसिक शांति, स्वास्थ्य, करुणा और विश्व बंधुत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
योगीराज ने कहा कि आज दुनिया को बाहरी विकास के साथ आंतरिक जागरण की भी आवश्यकता है। मनुष्य के स्वस्थ, शांत, संयमित और करुणामय बनने से ही परिवार, समाज और राष्ट्र में वास्तविक शांति स्थापित हो सकती है। अहिंसा केवल किसी को चोट न पहुंचाने तक सीमित नहीं, बल्कि विचार, वाणी और व्यवहार में करुणा अपनाने की जीवनशैली है।
अपर पुलिस महानिदेशक कृष्ण प्रकाश ने इस मिशन की सराहना करते हुए लोगों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अहिंसा योग किसी जाति, धर्म या संप्रदाय तक सीमित नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए शांति, स्वास्थ्य और सद्भाव का मार्ग है।

अभियान में युवाओं को आत्मअनुशासन, नशामुक्ति, मानसिक संतुलन, भारतीय संस्कृति और मानवीय मूल्यों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा। यात्रा में बांसुरी को शांति, साधना और आत्मजागरण के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
इस अवसर पर पालघर के पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने योगीराज का स्वागत कर यात्रा की शुभकामनाएं दीं और पालघर से नासिक के बीच प्रशासनिक सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम में सोहन लाल बाफना, राहुल ठाकरे, प्रवीण झा, जयंतिलाल बाफना, जितेंद्र यादव, संपतलाल बाफना, उत्कर्ष पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आयुष भारत ने किया।
