- सूर्यकांत उपाध्याय

वृंदावन के पास रहने वाली आठ वर्षीय आरोही के पास सब कुछ था, लेकिन उसे सबसे ज्यादा प्यार अपनी छोटी-सी राधारानी की मूर्ति से था। वह रोज स्कूल से लौटकर उन्हें दिनभर की बातें सुनाती और दादी से सीखी पंक्ति दोहराती, ‘श्यामा प्यारी, तेरे हैं हम… जैसे रक्खोगी, रह लेंगे हम।’
जन्मदिन पर आरोही ने पिता से बड़ी गुड़िया के साथ बरसाना जाने की इच्छा जताई। पिता ने वादा किया, लेकिन जन्मदिन से दो दिन पहले एक सड़क हादसे में उनकी मृत्यु हो गई।
यह सदमा बच्ची के लिए असहनीय था। वह बार-बार पूछती कि पापा कब लौटेंगे। एक रात राधारानी की मूर्ति को सीने से लगाकर रोते हुए बोली, ‘आपने पापा को क्यों नहीं बचाया?’ कुछ देर बाद फिर मूर्ति को गले लगाकर कहने लगी, ‘अगर मैं आपसे बात नहीं करूंगी तो पापा को कौन वापस लाएगा?’
समय बीतने के साथ उसने पिता की कमी के बीच जीना सीखा। वह मां का ध्यान रखने लगी और उनके काम में मदद करने का सपना देखने लगी। धीरे-धीरे घर में फिर हंसी लौटने लगी।
एक दिन मां उसे बरसाना लेकर गईं। मंदिर में राधारानी के सामने हाथ जोड़कर आरोही बोली, ‘मैं आपसे नाराज थी, लेकिन अब थोड़ी कम हूं। मुझे पापा वापस नहीं चाहिए, बस मम्मा को हमेशा मेरे पास रखना।’
फिर उसके होंठों पर वही पंक्ति आई, ‘श्यामा प्यारी, तेरे हैं हम… जैसे रक्खोगी, रह लेंगे हम।’
प्रसाद लेने के बाद उसने मां से आइसक्रीम मांगी। मां ने दो आइसक्रीम दिलाने का वादा किया तो वह खुशी से उछल पड़ी।
