- 22 नवंबर को चेंबूर में हिंदुस्तानी और कर्नाटक संगीत का संगम, पद्मश्री सम्मानित बहनें भी करेंगी गायन

- मुंबई । हिंदुस्तानी और कर्नाटक शास्त्रीय संगीत की दो महान परंपराओं को एक मंच पर लाने वाली संगीत शृंखला ‘उत्तर दक्षिण’ का आयोजन रविवार, 22 नवंबर को शाम 7 बजे चेंबूर स्थित फ़ाइन आर्ट्स सोसाइटी में किया जाएगा। विविड आर्ट्स एंड एंटरटेनमेंट और द पायनियर आर्ट्स एजुकेशन सोसाइटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रख्यात सितार वादक पूर्बायन चटर्जी और सुविख्यात कर्नाटक संगीत की गायिका बहनें रंजनी–गायत्री प्रस्तुति देंगी। कार्यक्रम के प्रायोजक भारतीय स्टेट बैंक और सहयोगी अमूल हैं।
संगीत संध्या की शुरुआत पूर्बायन चटर्जी के सितार वादन से होगी। कोलकाता में जन्मे पूर्बायन सेनिया मैहर घराने के प्रमुख सितार वादकों में शामिल हैं। उन्होंने अपने पिता पं. पार्थप्रतिम चटर्जी से संगीत की शिक्षा ली और उस्ताद अली अकबर खां का मार्गदर्शन भी प्राप्त किया। पांच वर्ष की आयु में पहली सार्वजनिक प्रस्तुति देने वाले पूर्बायन को 15 वर्ष की उम्र में सर्वश्रेष्ठ वादक का राष्ट्रपति पुरस्कार मिला था। उनके साथ तबले पर अजराड़ा घराने के ओजस अधिया संगत करेंगे। वे अपनी पीढ़ी के चर्चित तबला वादकों में हैं और लंदन के दरबार फेस्टिवल सहित कई प्रतिष्ठित मंचों पर प्रस्तुति दे चुके हैं।
कार्यक्रम के दूसरे भाग में पद्मश्री सम्मानित रंजनी और गायत्री कर्नाटक संगीत की प्रस्तुति देंगी। मुंबई में पली-बढ़ी इन बहनों ने वायलिन युगल के रूप में संगीत यात्रा शुरू की और बाद में संगीत कलानिधि पी.एस. नारायणस्वामी से गायन की शिक्षा प्राप्त की। उन्हें 2026 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। उनके साथ मृदंगम पर साई गिरिधर, घटम पर एस. कृष्णा और वायलिन पर विट्ठल रंगन संगत करेंगे। तीनों कलाकार शास्त्रीय संगीत के प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। साई गिरिधर को संगीत नाटक अकादमी का उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार भी मिल चुका है।
विविड आर्ट्स एंड एंटरटेनमेंट के मैनेजिंग पार्टनर नरहरि वी ने कहा कि ‘उत्तर दक्षिण’ का उद्देश्य श्रोताओं को एक ही शाम में भारतीय शास्त्रीय संगीत की दोनों प्रमुख परंपराओं का आनंद देना है। इस वर्ष शृंखला का 16वां संस्करण आयोजित हो रहा है, जो अब तक हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली में प्रस्तुत किया जा चुका है।
