- 14 दिवसीय अभियान में महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में दिया शांति, करुणा, योग और मानवता का संदेश

- वाराणसी। देव दीपावली के पावन अवसर पर काशी में पालघर से शुरू हुई 14 दिवसीय राष्ट्रीय अहिंसा योग यात्रा का समापन हुआ। योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज के नेतृत्व में 12 नवंबर को शुरू हुई ‘सेव सेल्फ- द अवेकनिंग यात्रा (फेज-2)’ ने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अहिंसा, आत्मजागरण, योग, मानसिक शांति और विश्व बंधुत्व का संदेश दिया।
श्री हरि नारायण सेवा संस्थान, पालघर एवं अहिंसा योग के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान का काशी में विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विश्व को ऐसी अहिंसा यात्रा की आवश्यकता है। भाजपा महिला विंग की ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की संयोजक सुष्मिता सेठ ने काशी की महिलाओं के साथ योगीराज का अभिनंदन किया। काशी स्मृति संघ के अध्यक्ष अरुण मिश्रा ने भी अभियान को समर्थन देते हुए इसकी सफलता की कामना की।

यात्रा को महाराष्ट्र के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एडीजी कृष्ण प्रकाश और पालघर के पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख का भी समर्थन मिला। त्र्यंबकेश्वर, छत्रपति संभाजीनगर, नागपुर, जबलपुर और रीवा होते हुए यात्रा उत्तर प्रदेश पहुंची। नागपुर में सुरेश चंद्र गुप्ता, नरेश बरडे, सुरेश कोंगे, सुरेश कालभूत और बबली तिवारी सहित सामाजिक प्रतिनिधियों ने स्वागत किया। रीवा में नगर निगम अध्यक्ष वेंकटेश पांडे, रामाशंकर गुप्ता और पवन पांडे ने यात्रा दल का अभिनंदन किया।
सेंटर फॉर सनातन रिसर्च के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अभिषेक द्विवेदी ने अभियान में सहयोग का आश्वासन दिया। जौनपुर के संदीप सिंह और कुटीर स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रबंधक अजयेंद्र दुबे ने भी समर्थन किया।

यात्रा में योग, ध्यान और नादयोग के माध्यम से आंतरिक शांति का संदेश दिया गया। योगीराज की बांसुरी साधना, भजन और नवकार महामंत्र की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। करीब 25 वर्ष पहले उन्होंने मां गंगा पर आधारित फिल्म ‘तुम्हारी गंगा’ का संगीत निर्देशन करने के साथ दो गीत भी गाए थे।
देव दीपावली पर गंगा तट की दीपमालाओं के बीच यात्रा का समापन अहिंसा, करुणा और विश्व शांति के संकल्प के साथ हुआ। योगीराज ने सभी सहयोगियों और आयोजकों के प्रति आभार जताया।
