- सूर्यकांत उपाध्याय

एक वन में एक ऋषि रहते थे। उनके आश्रम में एक चूहा भी रहता था। चूहा ऋषि से बहुत स्नेह करता था। जब ऋषि तपस्या करते, तब वह उनके पास बैठकर भजन सुनता और स्वयं भी ईश्वर की उपासना करता था। हालांकि, कुत्ते, बिल्लियों और चील-कौवों से वह हमेशा भयभीत रहता था।
एक दिन ऋषि को उस पर दया आ गई। उन्होंने सोचा कि क्यों न इसे शेर बना दिया जाए, ताकि इसका डर हमेशा के लिए समाप्त हो जाए। अपनी दैवीय शक्ति से उन्होंने चूहे को शेर बना दिया।
शेर बनते ही उसकी पूरी सोच बदल गई। अब जंगल के सभी जानवर उससे डरने लगे और उसका सम्मान करने लगे। वह भी निर्भय होकर पूरे जंगल में घूमने लगा। लेकिन ऋषि उसके वास्तविक स्वरूप को जानते थे, इसलिए वे उसके साथ पहले की तरह ही चूहे जैसा व्यवहार करते रहे।
यह बात शेर को खटकने लगी। उसे लगा कि यदि ऋषि उसे चूहा समझते रहेंगे तो दूसरे जानवर भी उसका सम्मान करना बंद कर देंगे। धीरे-धीरे उसके मन में ऋषि के प्रति द्वेष पैदा हो गया। उसने सोचा कि यदि ऋषि को ही मार दिया जाए तो यह समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगी।
इसी दुर्भावना के साथ वह ऋषि पर हमला करने के लिए आगे बढ़ा। ऋषि उसकी मंशा समझ गए। उन्हें उसके कृतघ्न व्यवहार पर क्रोध आया और उन्होंने अपनी शक्ति से उसे दोबारा चूहा बना दिया।
