- सूर्यकांत उपाध्याय

परिवार में रिश्ते हमेशा बड़ी गलतियों से नहीं टूटते। कई बार छोटी-सी बात और कठोर शब्द अपनों के दिल में गहरी चोट पहुंचा देते हैं। ऐसा ही कुछ नेहा और उसके ससुर रघुनाथ जी के साथ हुआ।
एक सुबह नेहा ने अपने ससुर को नहाने के बाद तौलिया लपेटकर बरामदे में जाते देखा तो नाराज होकर बोली, “उन्हें शर्म नहीं आती क्या? घर में बहू है और तौलिये में घूमते रहते हैं!”
रघुनाथ जी ने बहू की बात सुन ली। उन्हें बहुत दुख हुआ, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। पत्नी के निधन के बाद वह पहले ही अकेलापन महसूस कर रहे थे। बेटे अमित ने भी उनसे कहा कि नेहा को उनके इस व्यवहार से परेशानी होती है। पिता ने बेटे की बात मान ली और नहाने के बाद कपड़े पहनकर ही बाहर निकलने लगे। धीरे-धीरे उन्होंने बरामदे में बैठना और परिवार के साथ समय बिताना भी छोड़ दिया।
कुछ दिनों बाद रघुनाथ जी सीढ़ियों से उतरते समय गिर पड़े। उन्हें डॉक्टर के पास ले जाया गया। जांच में कमजोरी सामने आई। डॉक्टर ने बताया कि उनकी सेहत पर लंबे समय से ध्यान नहीं दिया गया है। यह सुनकर अमित और नेहा को चिंता हुई।
नेहा ने पहली बार महसूस किया कि उसके ससुर कितने अकेले और कमजोर हो गए हैं। उसे अपनी कठोर बातों का भी एहसास हुआ।
एक दिन वह उनके साथ खाना खाने बैठी और बोली, “पापा जी, उस दिन मैंने जिस तरह आपसे बात की, उसके लिए मुझे माफ कर दीजिए। मुझे अपनी परेशानी सम्मानपूर्वक बतानी चाहिए थी।”
रघुनाथ जी ने मुस्कुराकर कहा, “बहू, तुम्हें अपनी बात कहने का अधिकार है, लेकिन उम्र के इस पड़ाव पर इंसान को कपड़ों से ज्यादा सम्मान की जरूरत होती है।”
अगले दिन नेहा उनके लिए सूती कुर्ता-पायजामा लेकर आई और बोली, “पापा जी, अब बरामदे में बैठना बंद मत कीजिएगा। यह घर आपका भी है।”
यह सुनकर रघुनाथ जी की आंखें भर आईं। उन्होंने कहा, “बहू, कपड़े तो बहुत लोगों ने दिए, लेकिन घर में मेरी जगह आज तुमने वापस दी है।”
इसके बाद घर का माहौल बदल गया। नेहा उनके साथ समय बिताने लगी और अमित भी पिता की सेहत का ध्यान रखने लगा।
- शिक्षा: परिवार में मर्यादा केवल पहनावे से नहीं बल्कि व्यवहार और शब्दों से भी होती है।
