● कन्हैया बनकर भक्तों का मन मोह लिया
● श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर उमंगों की धूम

मुंबई।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बांसुरी बजाने की मोहक अदा से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भक्तों के अग्रह पर जैसे ही उन्होंने मोरमुकुट धारण किया, उपस्थित श्रद्धालु मनभावन भजनों की धुन पर उमंग में सराबोर होकर झूम उठे। महाराजश्री ने प्रतीकात्मक रुप में कन्हैया बनकर भक्तों उत्साह खूब बढाया। महाराजश्री के पावन सानिध्य में भगवान श्रीकृष्ण के स्वागत में मुंबई में बोरीवली के कोराकेंद्र ग्राउंड पर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव पर श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति में अत्यंत ही धूमधाम से मनाया गया। महाराजश्री की उपस्थिति में हुए इस कार्यक्रम का जोश और उमंग पूरे उत्साह पर रहा।

इस अवसर पर धार्मिक संस्था स्वस्ति श्री त्रिवेणी फाउंडेशन की ओर से आयोजित भक्ति गीतों के रंगारंग कार्यक्रम में मशहूर संगीतकार गायक रवि जैन ने भजनों की जबरदस्त समां बांधी। देर शाम से आरंभ हुआ यह कार्यक्रम ने मध्यरात्रि तक अपने चरमोत्कर्ष पर जा पहुंचा। भगवान श्रीकृष्ण के मनभावन भजनों पर श्रद्धालु खुशी से झूमते रहे। रंग-बिरंगे आकर्षक फूलों से सजे पंडाल में कन्हैयालाल की विशिष्ट झांकी का दर्शन पाकर श्रद्धालु अभिभूत हो उठे। पूरे पंडाल में ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की…’ की गूंज फैल गई। आयोजक अभिषेक जाजू और उनके परिवार ने भगवान का विधिवत पूजन किया और महाराजश्री से आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर साधु-संत, आचार्य ब्राह्मण, मुंबई की अनेक गणमान्य हस्तियां, आम श्रद्धालु, शंकराचार्य गुरुकुलम के विद्यार्थी सभी ने मिलकर और जमकर पूरे उत्साह के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का जश्न मनाया। भगवान के प्रकटोत्सव पर भजनों की मधुर धुनों पर अनेक श्रद्धालुओं ने रास और नृत्य करके अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भगवान के आगमन का जबरदस्त स्वागत किया। सभी के लिए महाप्रसाद की उत्तम व्यवस्था भी आयोजकों ने की थी।
महाराजश्री की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। भगवान के जन्मोत्सव पर महाराजश्री भी अत्यंत ही प्रसन्न मुद्रा में दिखे और उन्होंने सभी भक्तों को खूब आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में किशोर शास्त्री, अभिषेक जाजू, गौरव जाजू, बालमुकुंद गट्टानी, संजय चितलंगिया, पुरुषोत्त धूत, विनोद तोतला आदि विशेष रूप से उपस्थित थे।