● मूसलाधार बारिश में भी अडिग महा-मुंबई
● भारी वर्षा और रेड अलर्ट के बीच चलती रही जीवन की गाड़ी

मुंबई/ठाणे/नवी मुंबई।
महा-मुंबई अर्थात मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में सोमवार रात से लगातार हो रही तेज बारिश ने महानगर के जीवन को चुनौती दी। भारतीय मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर नागरिकों को सतर्क किया है। पिछले 84 घंटों में शहर ने करीब 500 मिमी वर्षा दर्ज की, जिससे कई क्षेत्रों में जलभराव और यातायात प्रभावित हुआ। ठाणे में छह घंटे में 100 मिमी से अधिक वर्षा ने हालात और कठिन बना दिए। हालांकि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य आपदा प्रबंधन कक्ष में पूरे राज्य में हो रही वर्षा की स्थिति की समीक्षा की और वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

बाधित होने के बावजूद लोकल ट्रेनें बनी जीवनरेखा
मुंबई की पहचान लोकल ट्रेनें इस बार भी शहर की धड़कन बनी रहीं। जलभराव और धीमी गति के बावजूद रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया, ‘Won’t stop, won’t pause’। यात्रियों को सुरक्षित पहुँचाने के लिए ट्रेनें जारी रहीं। हालांकि पटरियों पर अधिक पानी भर जाने के कारण छत्रपति शिवाजी टर्मिनस और ठाणे के बीच तथा ठाणे-कर्जत-खोपोली मार्ग पर ट्रेन सेवा बाधित रही। वहीं वसई-विरार के बीच ट्रेन सेवा को अगली सूचना मिलने तक बंद रखने की सूचना दी गई।

बस और सड़क यातायात
नवी मुंबई की NMMT और मुंबई की BEST बस सेवाएँ बारिश से प्रभावित हुईं। कई मार्गों पर पानी भरने से बसें मोड़ दी गईं जबकि कुछ देरी से चलीं। निजी और सार्वजनिक वाहनों को जलभराव से जूझना पड़ा मगर प्रशासन ने प्रमुख सड़कों पर पंपिंग और ट्रैफिक डायवर्जन कर राहत पहुँचाई।

स्कूल–कॉलेज बंद, दफ़्तरों में WFH
नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल और कॉलेज बंद रखने का निर्णय लिया गया। कई सरकारी कार्यालयों ने भी छुट्टी घोषित की, जबकि निजी क्षेत्र में वर्क फ्रॉम होम लागू किया गया। इससे लोगों को यात्रा जोखिम से बचाने में मदद मिली।

हवाई सेवाएँ और जल आपूर्ति
भारी बारिश और सड़कों पर जलभराव का असर हवाई अड्डे तक पहुँचा। कई उड़ानें विलंबित और कुछ रद्द भी हुईं पर एयरलाइंस और एयरपोर्ट प्रबंधन यात्रियों की सहायता में सक्रिय रहे।
सकारात्मक संकेत यह है कि मुंबई को पानी सप्लाई करने वाली झीलों का जलस्तर 90 प्रतिशत तक पहुँच गया है, जो आने वाले महीनों में पानी की कमी की आशंका को लगभग खत्म करता है।

सरकार-प्रशासन की तैयारी
इस बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आपात बैठक कर राहत कार्यों की समीक्षा की और बचाव दलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। एनडीआरएफ और स्थानीय टीमें जलभराव वाले इलाकों में तैनात हैं। नागरिकों को घर से बाहर निकलने से पहले सावधानी बरतने की अपील की गई है। पुलिस और मनपा कर्मी लगातार काम कर रहे हैं।

उम्मीद और जज़्बा कायम
मुंबई की पहचान सिर्फ गगनचुंबी इमारतों और ट्रैफिक से नहीं बल्कि उसके जज़्बे से है। भारी वर्षा ने भले ही मुश्किलें खड़ी की हों पर सेवाओं की निरंतरता, प्रशासन की तत्परता और नागरिकों का सहयोग यह साबित करता है कि महा-मुंबई आपदाओं में डरती नहीं, मज़बूत होती है।
follow us on whatsapp channel
https://whatsapp.com/channel/0029VbBQdaA6GcGLXRa8cs1K