
मुंबई।
बंदरगाह मंत्री नितेश राणे ने घोषणा की ही कि मुंबई से कोंकण तक रोल-ऑन/रोल-ऑफ (रो-रो) फेरी सेवा आगामी 1 सितंबर से शुरू होगी। इस सेवा के शुरू होने से मुंबई से रत्नागिरी जिले के जयगढ़ तक की दूरी केवल 3 से 4 घंटे में पूरी हो सकेगी जबकि सिंधुदुर्ग जिले के विजयदुर्ग पहुंचने में महज 5 से 6 घंटे लगेंगे।
मंत्री राणे ने बताया कि यह सेवा पहले गणेशोत्सव से पूर्व शुरू करने का प्रयास किया गया था, किंतु प्रतिकूल मौसम और समुद्री परिवहन की सुरक्षा को देखते हुए इसे स्थगित करना पड़ा। अब मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार समुद्री परिस्थितियाँ अनुकूल हो रही हैं। आगामी पाँच दिनों तक इसका ट्रायल रन किया जाएगा और उसके बाद 1 सितंबर से व्यावसायिक सेवा प्रारंभ होगी।
राणे ने बताया कि फेरी सेवा प्रतिदिन मुंबई के भाऊचा धक्का से सुबह 6:30 बजे रवाना होगी। विजयदुर्ग पहुँचने के बाद यह दो घंटे में वापसी यात्रा भी शुरू करेगी। वर्तमान में रत्नागिरी तक सड़क मार्ग से पहुँचने में लगभग 8 घंटे और रेल मार्ग से 6 घंटे का समय लगता है। लेकिन रो-रो फेरी सेवा से यह यात्रा आधी रह जाएगी।