● NARI 2025 रिपोर्ट का खुलासा

नई दिल्ली।
नेशनल एनुअल रिपोर्ट एंड इंडेक्स ऑन वीमेंस सेफ्टी (NARI) 2025 की ताज़ा रिपोर्ट में मुंबई को देश के सबसे सुरक्षित शहरों में गिना गया है, जहां महिलाएं खुलकर अपनी बात रख सकती हैं और पुलिस व्यवस्था सहयोगी है। रिपोर्ट बताती है कि मुंबई, भुवनेश्वर और गंगटोक जैसे शहर महिलाओं को अपेक्षाकृत सुरक्षित महसूस कराते हैं।
हालांकि, दिल्ली, पटना और रांची जैसे शहर अब भी महिलाओं को असुरक्षा का एहसास कराते हैं। पब्लिक ट्रांसपोर्ट और सिनेमा हॉल में छेड़खानी, घूरने और बदसलूकी की घटनाएं आम हैं। कई महिलाएं इन वजहों से पढ़ाई या नौकरी छोड़ने तक को मजबूर हो जाती हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर महिलाओं की सुरक्षा का स्कोर सिर्फ 65 प्रतिशत है। सर्वे में शामिल 40 प्रतिशत महिलाओं ने कहा कि वे खुद को असुरक्षित मानती हैं। खासकर 18–24 साल की युवतियों को छेड़खानी का सबसे अधिक सामना करना पड़ता है।
रिपोर्ट यह भी बताती है कि कई महिलाएं शिकायत दर्ज कराने के बजाय चुप रह जाती हैं और खुद को सीमित कर लेती हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि असल सुधार तभी होगा जब महिलाएं बिना डर अपने अधिकारों का इस्तेमाल कर सकें।