
● आत्मन मिश्र
भारत में हर साल 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। यह दिन हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद की जयंती को समर्पित है। ध्यानचंद ने भारत को 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक में स्वर्ण पदक दिलाकर विश्व हॉकी पर अमिट छाप छोड़ी थी। उनकी स्मृति में देश का सर्वोच्च खेल सम्मान भी उनके नाम से जुड़ा है। इस मौके पर स्कूलों और संस्थानों में खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित कर युवाओं को खेल भावना से जोड़ने का प्रयास किया जाता है।
भारत ही नहीं, कई अन्य देश भी अपनी-अपनी परंपरा के अनुसार खेल दिवस मनाते हैं-
- ईरान : 17 अक्टूबर को ‘शारीरिक शिक्षा एवं खेल दिवस’ के रूप में।
- जापान : अक्टूबर के दूसरे सोमवार को ‘स्वास्थ्य एवं खेल दिवस’, जिसकी शुरुआत 1966 में टोक्यो ओलंपिक की स्मृति में हुई।
- मलेशिया : 2015 से शुरू, हर साल अक्टूबर के दूसरे शनिवार को ‘हरि सुकन नेगारा’।
- कतर : फरवरी के दूसरे मंगलवार को राष्ट्रीय खेल दिवस, फिटनेस और कल्याण के संदेश के साथ।
- बहरीन : 2017 से हर साल फरवरी के दूसरे सप्ताह में खेल महोत्सव।
- दक्षिण कोरिया : अक्टूबर को खेल दिवस के रूप में स्मरणोत्सव दिवस घोषित किया गया है।
भारत में यह दिन महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की स्मृति को जीवित रखता है जबकि अन्य देशों में यह स्वास्थ्य और खेल संस्कृति के संवर्द्धन का माध्यम है। खेल दिवस खेल के मैदान पर राष्ट्र के लिए श्रम करनेवालों का सम्मान है।