
राजगीर (बिहार)।
भारत ने रविवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए एशिया मेंस हॉकी चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। राजगीर खेल परिसर में खेले गए फाइनल में मेजबान भारत ने पांच बार की विजेता कोरिया को 4-1 से मात दी। यह भारत का चौथा खिताब है, साथ ही टीम ने इस जीत के साथ 2026 हॉकी वर्ल्ड कप का टिकट भी हासिल कर लिया।
आठ साल के लंबे इंतजार के बाद भारत ने एशिया कप ट्रॉफी अपने नाम की। पिछली बार 2017 में ढाका (बांग्लादेश) में भारत ने मलेशिया को हराकर खिताब जीता था। इस बार फाइनल में भारत के लिए तीन फील्ड गोल और एक पेनल्टी कॉर्नर निर्णायक साबित हुए।
फाइनल की शुरुआत ही भारतीय टीम के दबदबे के साथ हुई। पहले ही मिनट में सुखजीत सिंह ने गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद दिलप्रीत सिंह ने 27वें मिनट में दूसरा और 44वें मिनट में तीसरा गोल कर टीम की पकड़ मजबूत की। 49वें मिनट में अमित रोहिदास ने चौथा गोल दागकर जीत सुनिश्चित कर दी। कोरिया की ओर से एकमात्र गोल 50वें मिनट में सन डेन ने किया। मुकाबले के हीरो दिलप्रीत सिंह रहे, जिन्होंने दो शानदार फील्ड गोल दागे और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए।
टूर्नामेंट के अन्य मुकाबलों में मलेशिया ने चीन को 4-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि जापान ने बांग्लादेश को 6-1 से मात देकर पांचवां स्थान पाया। व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो मलेशिया के अखिमुल्लाह अनुर 12 गोल के साथ शीर्ष स्कोरर रहे जबकि टीम गोल के मामले में भारत 39 गोल के साथ सबसे आगे रहा।