● बोले, ‘बिहारी तो आगे बढ़ गया, बिहार पीछे रह गया’
● नीतीश कुमार होंगे मुख्यमंत्री- देवेश ठाकुर

मुंबई।
‘कुछ राजनेताओं की कुत्सित राजनीति के कारण बिहार आज जातियों में बंटा हुआ है। लोग अपने बिहारी होने पर गर्व करने के बजाय जाति पर गर्व करते हैं।अगर बिहार को विकास की राह पर आगे बढ़ाना है तो सबसे पहले बिहारियों को जात-पात से ऊपर उठकर अपने बिहारी होने के एहसास को मजबूत करना होगा।’ उक्त उद्गार भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान ने व्यक्त किए। वे रविवार को बिहार की संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मीरा रोड पहुंचे थे।
पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि उनका सपना है कि बिहार देश के विकसित राज्यों में अग्रणी बने। उन्होंने बिहार के गौरवशाली अतीत की ओर इशारा करते हुए बताया कि नालंदा विश्वविद्यालय एक समय विश्व शिक्षा का केंद्र था, जहां चीन समेत कई देशों के छात्र पढ़ने आते थे। वहीं बिहार ने भगवान बुद्ध, महावीर और गुरु गोविंद सिंह जैसे महापुरुषों को जन्म दिया। बावजूद इसके, आज के बिहार के लोग अपने बच्चों को दूसरे राज्यों में पढ़ाई के लिए भेजने को मजबूर हैं। मंत्री ने कहा कि जब बच्चे बाहर पढ़कर वहीं काम और घर बसाते हैं तो बिहार के लिए वह प्रवासी बन जाते हैं और इसी वजह से आज बिहारी आगे बढ़ गया है पर बिहार पीछे रह गया है। चिराग पासवान ने मीरा रोड पूर्व के लता मंगेशकर हॉल में उपस्थित बिहारवासियों से राज्य के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का आयोजन ‘बेटी है तो कल है’ संस्था ने किया था। इसकी ब्रांड एंबेसडर प्रसिद्ध गायिका दीपा उदित नारायण रही।
नीतीश कुमार होंगे मुख्यमंत्री
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि, बिहार के सीतामढ़ी सांसद देवेशचंद्र ठाकुर ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा और चुनाव के बाद भी वही मुख्यमंत्री बने रहेंगे। ठाकुर ने भरोसा जताया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) भारी बहुमत से जीतेगा। उन्होंने वोट चोरी के पुराने मुद्दे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि बिहार की जनता इसे भली-भांति जानती है। ठाकुर ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए इसे संवेदनशील और महिलाओं के सम्मान से जुड़ा बताया।