- मुंबई। महाराष्ट्र में अब तक 94,974 यात्री वाहनों में जीपीएस आधारित व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) लगाए जा चुके हैं। इनसे वाहनों की रीयल-टाइम लोकेशन मॉनिटरिंग और पैनिक बटन दबाने पर एसओएस अलर्ट की सुविधा मिलती है, जिससे खासतौर पर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

मुंबई-अंधेरी आरटीओ स्थित नियंत्रण कक्ष से 24 घंटे वाहनों की निगरानी होती है। पैनिक बटन दबते ही वाहन की जानकारी और लोकेशन तुरंत स्क्रीन पर आ जाती है।
नियमों के अनुसार 1 जनवरी 2019 के बाद रजिस्टर्ड सभी सार्वजनिक सेवा वाहनों (स्कूल बसें, टैक्सियां, लग्ज़री व पर्यटन वाहन आदि) में यह डिवाइस अनिवार्य है। हालांकि बड़ी संख्या में पुराने वाहनों में अभी यह डिवाइस नहीं लगे हैं।
समस्या यह भी है कि कई वाहन मालिक डिवाइस को चालू नहीं रखते। हाल ही में 18,900 डिवाइस बंद पाए गए। ऐसे वाहनों पर आरटीओ कार्रवाई करेगा, जिसमें जुर्माना, परमिट निलंबन या फिटनेस सर्टिफिकेट रद्द होना शामिल है।
यह नियंत्रण कक्ष भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) द्वारा संचालित है और योजना को निर्भया फंड से आंशिक वित्त पोषण प्राप्त हुआ है।