- 20 सितंबर से बंद हो जाएगी सेवा, बार-बार लड़खड़ा रही है सर्विस

मुंबई। प्रतिदिन हजारों यात्रियों के सफर का साधन बनी मुंबई मोनोरेल 20 सितंबर 2025 से अस्थायी रूप से बंद रहेगी। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने यह कदम मोनोरेल को आधुनिक, सुरक्षित और अधिक सक्षम बनाने के उद्देश्य से उठाया है।
बता दें कि बंद अवधि में नई ट्रेनें (रेक) जोड़ी जाएंगी, कम्युनिकेशन बेस्ड ट्रेन कंट्रोल (CBTC) सिग्नलिंग सिस्टम स्थापित होगा और मौजूदा ट्रेनों का नवीनीकरण किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार इन सुधारों के बाद यात्रियों को ज्यादा सुरक्षित, भरोसेमंद और सुचारु सेवा उपलब्ध होगी। MMRDA के आयुक्त संजय मुखर्जी ने बताया कि सीमित क्षमता और हाल ही में सामने आई तकनीकी दिक्कतों को देखते हुए सेवा निलंबित करने का निर्णय लिया गया। वर्तमान में केवल चार मोनोरेल संचालित हैं, जिनमें एक बार में 20 से 22 यात्री ही बैठ सकते हैं। इसके चलते न तो यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित हो पा रही थी और न ही प्राधिकरण को अपेक्षित लाभ मिल रहा था।
उन्होंने ने कहा कि नई और अत्याधुनिक ट्रेनें मोनोरेल परियोजना में शामिल की जा रही हैं। उल्लेखनीय है कि हैदराबाद में विकसित स्वदेशी CBTC तकनीक को पहली बार मुंबई मोनोरेल में लगाया जा रहा है। इसके अंतर्गत 32 स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग, 260 वाई-फाई एक्सेस पॉइंट, 500 RFID टैग और 90 ट्रेन डिटेक्शन सिस्टम लगाए जा चुके हैं। वेसाइड सिग्नलिंग का काम पूरा हो गया है और फिलहाल एकीकृत परीक्षण जारी है।
यह नई प्रणाली ट्रेन के बीच अंतराल को कम करेगी और समयपालन में सुधार लाएगी। ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के तहत 10 नए रेक्स खरीदे गए हैं। इनमें से 8 मुंबई पहुंच चुके हैं, नौवां निरीक्षण में है और दसवां अंतिम असेंबली चरण में है।
फिलहाल मोनोरेल सुबह 6:15 बजे से रात 11:30 बजे तक चलती है, जिससे रखरखाव और परीक्षण के लिए केवल साढ़े तीन घंटे का समय ही मिल पाता है। अधिकारियों का मानना है कि सेवाएं अस्थायी रूप से रोकने से कार्य तेजी से पूरे होंगे और भविष्य में यात्रियों को बेहतर मोनोरेल अनुभव मिलेगा।