● ‘विकसित भारत बिल्डथान-2025’

नई दिल्ली। शिक्षा मंत्रालय और अटल इनोवेशन मिशन ने बच्चों में नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए “विकसित भारत बिल्डथान-2025” की शुरुआत की है। इसमें कक्षा 6 से 12वीं तक के छात्र आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल और स्वदेशी जैसे विषयों पर अपने विचार और प्रोटोटाइप प्रस्तुत कर सकेंगे।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को इस पहल का शुभारंभ किया। विजेताओं को एक करोड़ रुपये तक का पुरस्कार मिलेगा। प्रतियोगिता में छात्र व्यक्तिगत या समूह में भाग ले सकेंगे।
देशभर के लगभग छह लाख स्कूलों से 12 करोड़ से अधिक छात्रों की भागीदारी की संभावना है। पंजीकरण 6 अक्टूबर तक किया जा सकेगा। 13 अक्टूबर को दो घंटे का लाइव इनोवेशन कार्यक्रम होगा। विचार व प्रोटोटाइप जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर है। मूल्यांकन दिसंबर तक पूरा होगा और परिणाम जनवरी 2026 में घोषित होंगे।
कार्यक्रम के तहत चयनित छात्रों को एक करोड़ रुपये तक का पुरस्कार मिलेगा। विजेताओं का चयन राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर पर किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर 10, राज्य स्तर पर 100 और जिला स्तर पर 1,000 छात्रों को सम्मानित किया जाएगा।
स्कूली शिक्षा सचिव संजय कुमार ने बताया कि इसमें देशभर के लगभग छह लाख स्कूल शामिल होंगे, जिनमें 4.5 लाख सरकारी और डेढ़ लाख निजी स्कूल हैं। साथ ही यह अवसर देश के लगभग 25 करोड़ छात्रों के लिए भी नवाचार की राह खोलेगा।
