● सिर्फ मुंबई और आसपास के कार्यकर्ता होंगे शामिल
● उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कारण

मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने इस साल की शिवसेना दशहरा रैली को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रैली में केवल मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) के शिवसैनिक ही शामिल होंगे जबकि राज्य के अन्य हिस्सों से आने वाले कार्यकर्ताओं को बाढ़ और भारी बारिश से प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों में लगाया जाएगा।
शिंदे ने कहा कि शिवसैनिकों का पहला दायित्व जनता के साथ खड़ा होना है। “जिन क्षेत्रों में बाढ़ और बारिश का संकट है, वहां हमने अपने कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे मुंबई न आएं। वे ज़रूरतमंदों की मदद करें। दशहरा रैली में केवल मुंबई के शिवसैनिक उपस्थित रहेंगे,” उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा।
उन्होंने यह भी दोहराया कि शिवसेना की परंपरा हमेशा ‘80 प्रतिशत समाजसेवा और 20 प्रतिशत राजनीति’ की रही है। ऐसे समय में राजनीति से ज्यादा प्राथमिकता पीड़ितों की सहायता को दी जाएगी।
इस वर्ष रैली का स्थल भी बदला गया है। लगातार बारिश और कीचड़ की वजह से आज़ाद मैदान में आयोजन संभव नहीं हो सका, इसलिए कार्यक्रम अब नेस्को इनडोर परिसर में होगा।
गौरतलब है कि दशहरा रैली शिवसेना की दशकों पुरानी परंपरा है। वहीं, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे 2 अक्टूबर को शिवाजी पार्क में अपनी परंपरागत रैली को संबोधित करेंगे।
