◆ 1100 ड्रोनों ने जीवंत की रामायण की अद्भुत झलकियां

● अयोध्या । अयोध्या में इस वर्ष का दीपोत्सव अद्भुत भव्यता के साथ मनाया गया। श्रीराम के भव्य मंदिर में प्रतिष्ठित होने के बाद यह दूसरा दीपोत्सव था। राम की पैड़ी पर 26,17,215 दीप प्रज्ज्वलित कर अयोध्या ने एक बार फिर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में 2128 वेदाचार्यों ने एक साथ सरयू आरती कर आध्यात्मिक आलोक का अनुपम दृश्य प्रस्तुत किया। सम्पूर्ण अयोध्या दीपों, पुष्पों और रोशनी से सजी थी। आकाश में आयोजित म्यूजिकल ड्रोन शो में रामायण के प्रसंगों का अद्भुत प्रदर्शन हुआ, जिसे देखकर देश-विदेश से आए श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

दीपोत्सव-2025 के नौवें संस्करण में रामनगरी ने भक्ति और तकनीक का ऐसा संगम देखा, जिसने सभी को विस्मित कर दिया। राम की पैड़ी पर आयोजित कोरियोग्राफ्ड म्यूजिकल ड्रोन शो में 1100 स्वदेशी ड्रोनों ने आकाश में रामायण के अमर प्रसंगों को सजीव कर दिया।
‘जय श्रीराम’ की गूंज के बीच धनुषधारी श्रीराम, संजीवनी पर्वत उठाए हनुमान, रामसेतु और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर जैसी मनमोहक आकृतियां जब आसमान में उभरीं, तो पूरा वातावरण आस्था और उल्लास से भर उठा।

ध्वनि और प्रकाश के अद्भुत संयोजन ने सरयू घाट से लेकर पैड़ी के तट तक दर्शकों को भावविभोर कर दिया। हजारों श्रद्धालु और पर्यटक इस दिव्य दृश्य के साक्षी बने, जब आधुनिक तकनीक ने रामकथा को नई ऊंचाई दी।
ड्रोन और लेजर शो की संगति ने ऐसा अद्भुत दृश्य रचा कि क्षणभर को लगा, मानो अयोध्या में स्वर्ग उतर आया हो।
