■ करंट वाले जूते की कीमत ₹3500

● अलवर।
महिला सुरक्षा को लेकर जहां राज्य सरकारें और पुलिस विभाग नई योजनाएं लागू कर रहे हैं, वहीं अलवर के एक युवा छात्र ने तकनीक के माध्यम से अभिनव कदम उठाया है। सोशल मीडिया पर इस ‘करंट’ वाले जूते की खूब चर्चा है। लक्ष्मणगढ़ के लिली गांव के विवेक चौधरी ने ऐसा विशेष ‘सेफ्टी शूज’ तैयार किया है, जो महिलाओं को न केवल सुरक्षा का अहसास दिलाएगा बल्कि संकट के समय आत्मरक्षा का सशक्त माध्यम भी बनेगा।
विवेक का यह अनोखा आविष्कार महिलाओं के जूतों में फिट होने वाला एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस है। यह डिवाइस इस तरह डिजाइन किया गया है कि अगर कोई महिला खतरे की स्थिति में अपनी एड़ी पर जोर देती है तो सिस्टम सक्रिय होकर सामने वाले मनचले को हल्का इलेक्ट्रिक शॉक देगा, जिससे वह तुरंत पीछे हट जाएगा। विवेक का कहना है कि यह झटका इतना नियंत्रित होगा कि किसी को गंभीर चोट न पहुंचे।

इलेक्ट्रिकल पॉलिटेक्निक के तृतीय वर्ष के छात्र और एक निजी कंपनी में कार्यरत इंजीनियर विवेक ने बताया कि इस डिवाइस को विकसित करने में लगभग ₹3500 की लागत और दो महीने का समय लगा। शूज में लगा उपकरण रिचार्जेबल है और एक बार चार्ज होने पर लगभग 1000 बार तक शॉक दे सकता है।
इस स्मार्ट शूज में जीपीएस सिस्टम भी जोड़ा गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में महिला की लोकेशन स्वचालित रूप से तीन पूर्वनिर्धारित मोबाइल नंबरों पर भेजी जा सकती है। इन नंबरों को उपयोगकर्ता स्वयं फीड कर सकती हैं। विवेक अब इस डिवाइस को वायरलेस चार्जिंग तकनीक से लैस करने पर भी काम कर रहे हैं।
