
● नागपुर
‘धर्मवीर 2’ के बाद शुरू हुई राजनीतिक चर्चाओं पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने फिर प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि आनंद दिघे का कार्य इतना बड़ा है कि उसे एक–दो फिल्मों में समेटा नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि अगर धर्मवीर 3 बनती है तो उसकी स्क्रिप्ट मुझे ही लिखनी होगी क्योंकि आगे क्या हुआ यह मैं ही जानता हूँ। शिंदे एबीपी माझा के कार्यक्रम ‘माझा विजन’ में बोल रहे थे।
आनंद दिघे पर बनी दो फिल्मों धर्मवीर और ‘धर्मवीर 2’ में दूसरी फिल्म में उनकी मृत्यु को प्राकृतिक बताया गया है। इसके बाद राजनीतिक विवाद तेज हुआ और मौत पर सवाल उठने लगे। ऐसे में शिंदे का बयान महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
शिंदे से जब पूछा गया कि धर्मवीर 3 आएगी या नहीं और आई तो उसकी कहानी कौन लिखेगा, तब उन्होंने कहा कि दिघे का जीवन और काम बहुत व्यापक है, जिसे कुछ फिल्मों में समेटना मुश्किल है।
शिंदे ने कहा कि ढाई साल के शासनकाल को वह 100 प्रतिशत अंक देंगे। जनता ने जो विजय दी है, वही असली प्रमाण है। नगर पालिका चुनाव में उन्हें विरोधी दिखाई ही नहीं दिए। उन्होंने टिप्पणी की कि विरोधियों को हारने का आत्मविश्वास हो गया है और फेसबुक लाइव से ही सभाएँ कर लेनी चाहिए थीं।
उन्होंने कहा कि कुछ जगह गठबंधन हुआ, कुछ जगह स्थानीय समीकरणों के कारण अलग लड़ना पड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को आगे ले जा रहे हैं और उनका साथ मजबूत करना ही लक्ष्य है।
शिंदे ने स्पष्ट किया कि दिल्ली जाने को लेकर जो चर्चाएँ होती हैं, वे निराधार हैं। “हम मोदीजी और अमित शाह से किसी नाराजगी के लिए नहीं, बल्कि एनडीए के महत्वपूर्ण घटक के तौर पर विकास कार्यों पर चर्चा करने जाते हैं।” राज्य के अधिकांश मुद्दे वह और उनके सहयोगी मिलकर सुलझा लेते हैं।
