
पटना।
बिहार विधानसभा चुनाव की आहट तेज हो गई है और इसके साथ ही चुनावी रणभूमि में पार्टियों को उनके चुनाव चिन्ह भी मिल गए हैं। इस बार प्रतीकों के जरिए नई कहानियां कही जाएंगी, नए संदेश दिए जाएंगे।
चुनाव आयोग ने प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी को ‘स्कूल बैग’ चिन्ह आवंटित किया है। यह प्रतीक शिक्षा, जिम्मेदारी और भविष्य के निर्माण का संदेश देता है। पार्टी ने इसे अपने विजन के अनुरूप बताया है और अब जनसंपर्क अभियान में इसे प्रमुखता देने की तैयारी है। राज्य की सभी 243 सीटों पर जन सुराज इसी चिन्ह के साथ उतरने जा रही है।
वहीं विकासशील इंसान पार्टी (VIP) को उसका पुराना और चर्चित चुनाव चिन्ह ‘नाव’ वापस मिल गया है। पार्टी प्रवक्ता देव ज्योति ने इसे लोकतंत्र और संविधान की जीत करार दिया। उन्होंने कहा कि पिछली बार लोकसभा चुनाव में ‘पर्स’ चिन्ह मिलने से असंतोष था, लेकिन अब ‘नाव’ की वापसी से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और जोश लौट आया है।
उधर, उपेन्द्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को ‘गैस सिलेंडर’ चिन्ह स्थायी रूप से मिल गया है। मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता राम पुकार सिन्हा के मुताबिक यह चिन्ह आम आदमी की रसोई से जुड़ा है और घर-घर से जुड़ने का प्रतीक बनेगा। मोर्चा अब इसी प्रतीक के साथ जनता के बीच अपना एजेंडा रखेगा।