
मुंबई।
महानगरपालिका आम चुनाव की घोषणा के साथ ही मुंबई में आदर्श आचार संहिता के सख्त अनुपालन को लेकर बृहन्मुंबई महानगरपालिका हरकत में आ गई है। चुनावी माहौल को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से मनपा ने सोमवार को विशेष अभियान चलाकर शहर भर से 2,103 अवैध राजनीतिक विज्ञापन फलक हटाए।
इस कार्रवाई के तहत बैनर, होर्डिंग, कियोस्क, स्टिकर, झंडे, चुनाव चिह्न, बोर्ड और दीवारों पर लगे राजनीतिक प्रचार सामग्री को हटाया गया। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 15 दिसंबर 2025 को मनपा के सार्वत्रिक चुनाव घोषित किए जाने के तुरंत बाद महानगरपालिका क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई थी, जिसके पालन के लिए लाइसेंस विभाग ने युद्धस्तर पर अभियान शुरू किया।
महानगरपालिका आयुक्त एवं निर्वाचन अधिकारी भूषण गगराणी के निर्देशानुसार अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (शहर) डॉ. अश्विनी जोशी के नेतृत्व में तथा उप आयुक्त (विशेष) चंदा जाधव के मार्गदर्शन में यह सघन कार्रवाई अंजाम दी गई।
डॉ. अश्विनी जोशी ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए आचार संहिता का पालन अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि आचार संहिता लागू रहने की अवधि में महानगरपालिका क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध राजनीतिक विज्ञापन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
उप आयुक्त (विशेष) चंदा जाधव ने बताया कि प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और सरकारी इमारतों के आसपास लगे सभी नियमविरोधी फलक हटाए जा रहे हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों और उनके कार्यकर्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए भविष्य में आचार संहिता का उल्लंघन न करने का आग्रह किया।
