■ ट्रैफिक की नई व्यवस्था, कई सड़कों पर डायवर्जन

● अंबरनाथ
महाशिवरात्रि के अवसर पर अंबरनाथ स्थित शिलाहारकालीन प्राचीन शिव मंदिर में लगने वाले विशाल मेले को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। भारी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 14 फरवरी से 16 फरवरी तक अंबरनाथ और उल्हासनगर क्षेत्र में कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेंगे।
15 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन अंबरनाथ के प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसी कारण मंदिर की ओर जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों को आम वाहनों के लिए बंद रखा जाएगा। विशेष रूप से शिव मंदिर रोड और मंदिर परिसर के आसपास का पूरा क्षेत्र सार्वजनिक व निजी वाहनों के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात विभाग के अनुसार अंबरनाथ और उल्हासनगर शहर की सीमा पर स्थित इस मंदिर क्षेत्र में एसटी बसों, निजी वाहनों और अन्य सार्वजनिक परिवहन को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, अनावश्यक वाहन लेकर मंदिर क्षेत्र में न आएं और जहां संभव हो सार्वजनिक परिवहन या पैदल मार्ग का उपयोग करें।
यातायात विभाग ने स्पष्ट किया है कि 14 से 16 फरवरी तक ये ट्रैफिक बदलाव प्रभावी रहेंगे, इसलिए नागरिक अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और प्रशासन का सहयोग करें।
