
● मुंबई
होली के अवसर पर इलेक्ट्रिक दोपहिया निर्माता Ola Electric ने ‘होली महोत्सव’ का ऐलान कर बाजार में नई हलचल पैदा कर दी है। कंपनी ने अपनी इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल श्रृंखला की शुरुआती कीमत 79,999 रुपये घोषित करते हुए इसे देश में इलेक्ट्रिक क्रांति की नई दहलीज़ बताया है। संदेश साफ है, अब हर आंगन में हरित ऊर्जा की आहट सुनाई दे।
कंपनी की Roadster श्रृंखला अब ऐसे दामों पर उपलब्ध है, जो इसे शुरुआती पेट्रोल मोटरसाइकिलों के समकक्ष ला खड़ा करते हैं। रोडस्टर एक्स 2.5 किलोवाट-घंटा, 3.5 किलोवाट-घंटा और 4.5 किलोवाट-घंटा बैटरी विकल्पों में क्रमशः 79,999 रुपये, 92,999 रुपये और 99,999 रुपये में मिलेगी। वहीं रोडस्टर एक्स प्लस 4.5 किलोवाट-घंटा और 9.1 किलोवाट-घंटा बैटरी विकल्पों में 1,09,999 रुपये और 1,89,000 रुपये में उपलब्ध है।
रंगों की इस बेला में कंपनी ने ‘मुहूर्त महोत्सव’ की भी शुरुआत की है। आज और कल निर्धारित 90 मिनट के ‘शुभ मुहूर्त’ में सीमित संख्या में वाहन विशेष कीमत पर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिसकी घोषणा उसी समय की जाएगी।
इसके साथ ही S1 Pro (3 और 4 किलोवाट-घंटा) तथा एस1 प्रो प्लस (4 किलोवाट-घंटा) मॉडल पर आठ वर्ष की विस्तारित वारंटी का लाभ भी सीमित अवधि के लिए दिया जा रहा है।
कंपनी का कहना है कि 79,999 रुपये की शुरुआती कीमत के साथ इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल अब विलासिता नहीं, समझदारी का सामान्य विकल्प बन चुकी है। यह मूल्य निर्धारण पेट्रोल और बिजली के बीच की दूरी घटाता है। होली के रंगों के बीच हरित भविष्य की यह पहल सड़कों पर बदलाव की रफ्तार को और तेज करने का संकेत दे रही है।
