
● मुंबई
होली के पावन अवसर पर रामलीला उत्सव समिति (रजि.), वडाला, मुंबई द्वारा आयोजित ‘रंग बिरंगे फूलों से’ सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं होली मिलन समारोह बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन एम.बी.पी.टी. जुनी वसाहत मैदान, नायगांव पार्क, वडाला में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों, समाजसेवियों और गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराष्ट्र भाजपा के प्रवक्ता एड संजय ठाकुर ने की। इस अवसर पर प्रमुख अतिथियों में आरटीआई कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार अनिल गलगली, मुंबई भाजपा के प्रवक्ता उदयप्रताप सिंह, मुन्ना पांडेय सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समारोह में होली के पारंपरिक गीत, संगीत और भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय और रंगीन बना दिया। इस अवसर पर विश्व महिला दिन भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। महिला दिवस के उपलक्ष्य में केक काटकर महिलाओं का अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयोजकों और कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। अंत में स्वागताध्यक्ष राकेश पांडे ने सभी अतिथियों, कलाकारों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
