■ 29 मार्च को मुंबई इंडियंस का पहला मुकाबला, 12 अप्रैल तक खेले जाएंगे शुरुआती मैच

● नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पहले चरण का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। फिलहाल 28 मार्च से 12 अप्रैल तक के मुकाबलों का शेड्यूल जारी किया गया है, जिसमें टूर्नामेंट के शुरुआती 15 दिनों के मैच शामिल हैं।
आईपीएल 2026 का उद्घाटन मुकाबला 28 मार्च को बेंगलुरु में खेला जाएगा, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगी। बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि शेष मुकाबलों का कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा।
दरअसल, केरल, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए फिलहाल सीमित कार्यक्रम जारी किया गया है। चुनाव की तारीखों की घोषणा अप्रैल में होने की संभावना है, जिसके बाद पूरे टूर्नामेंट का विस्तृत कार्यक्रम सामने आएगा।
पहले चरण में दर्शकों को कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। इस दौरान 4 अप्रैल और 5 अप्रैल को दो डबल हेडर भी खेले जाएंगे, जिनमें एक ही दिन दो-दो मैच होंगे।
पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस अपने अभियान की शुरुआत 29 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला मुंबई के घरेलू मैदान पर खेला जाएगा। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स का पहला मैच 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स से गुवाहाटी में होगा।
इसके अलावा 31 मार्च को गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के बीच मुल्लांपुर में मुकाबला खेला जाएगा। वहीं 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें लखनऊ में आमने-सामने होंगी।
