■ ‘क्रीडा ई-प्रमाण’ से खेल कोटे का आरक्षण अब होगा पारदर्शी

● मुंबई
महाराष्ट्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सरकारी और अर्धसरकारी नौकरियों में मिलने वाले 5 प्रतिशत खेल आरक्षण का लाभ अब अधिक पारदर्शी और तेज प्रक्रिया के माध्यम से मिलेगा। Directorate of Sports and Youth Services Maharashtra ने इसके लिए ‘क्रीडा ई-प्रमाण’ नामक नई डिजिटल प्रणाली शुरू की है, जो आधुनिक ब्लॉकचेन तकनीक पर आधारित है।
नई व्यवस्था के तहत खिलाड़ी अपने खेल प्रमाणपत्रों का ऑनलाइन सत्यापन करा सकेंगे। विभाग ने खिलाड़ियों से अपील की है कि वे अधिक जानकारी और आवेदन के लिए आधिकारिक वेबसाइट sports.maharashtra.gov.in पर जाकर पंजीकरण करें।
प्रक्रिया के अनुसार खिलाड़ियों को अपने मूल खेल प्रमाणपत्र की स्कैन प्रति पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। विभागीय स्तर पर दस्तावेजों की जांच के बाद प्रमाणपत्र पोर्टल पर अपडेट किया जाएगा और उसके आधार पर डिजिटल सत्यापन रिपोर्ट जारी की जाएगी।
इस प्रणाली की प्रमुख विशेषता यह है कि यह ब्लॉकचेन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक से संचालित है। इसके कारण प्रमाणपत्रों में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ संभव नहीं होगी और फर्जी दस्तावेजों पर प्रभावी रोक लगेगी। प्रत्येक प्रमाणपत्र पर एक विशिष्ट क्यूआर कोड दिया जाएगा, जिसे स्कैन कर भर्ती प्राधिकारी उसकी तुरंत पुष्टि कर सकेंगे।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में Maharashtra Public Service Commission और अन्य सरकारी भर्तियों में आवेदन करते समय खिलाड़ियों को ‘क्रीडा ई-प्रमाण’ प्रमाणपत्र अनिवार्य रूप से संलग्न करना होगा। इसके बिना खेल कोटे के आरक्षण का लाभ नहीं मिल सकेगा।
