
■ मुंबई
बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने मुंबई में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। सोशल मीडिया के माध्यम से उन्होंने शहर की हवा की स्थिति पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से तुरंत ठोस कदम उठाने की मांग की है।
दीपिका ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर धुंध से ढके मुंबई के आसमान की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि शहर की खराब होती हवा लोगों के लिए, खासकर बच्चों के लिए, सांस लेना कठिन बना रही है। उन्होंने लिखा, “यह शहर और इसके बच्चे दम घुटने जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं। क्या यह ठीक है?”
अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट में मनपा और उसके स्वास्थ्य विभाग को टैग करते हुए शहर की हवा की गुणवत्ता सुधारने के लिए तत्काल प्रभावी उपाय करने का आग्रह भी किया।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से मुंबई में बढ़ते प्रदूषण और तेज गर्मी के कारण हवा की गुणवत्ता में गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके चलते कई इलाकों में लोगों को सांस लेने में दिक्कत महसूस हो रही है, जबकि बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले बीएमसी ने प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कई निर्माण स्थलों को नोटिस जारी किए थे और कुछ स्थानों पर काम अस्थायी रूप से बंद भी कराया था। इन कदमों के बाद शहर के एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) में थोड़ी राहत देखने को मिली थी, लेकिन स्थिति अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी है।
