
● मुंबई
गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे ने 1,484 समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों में 749 आरक्षित और 735 अनारक्षित विशेष सेवाएं शामिल होंगी, जिससे छुट्टियों के दौरान यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार कुछ विशेष ट्रेनें पहले से ही ‘ट्रेन ऑन डिमांड’ के रूप में चलाई जा रही हैं। अब यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त ट्रेनों को भी इस सूची में जोड़ा गया है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा मिल सके।
महाराष्ट्र के भीतर चलने वाली प्रमुख समर स्पेशल ट्रेनों में मुंबई–दौंड–सोलापुर, पुणे–कोल्हापुर, नासिक रोड–बदनेरा तथा हडपसर–हरंगुल मार्ग शामिल हैं। वहीं राज्य से बाहर यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए मुंबई–बलिया, मुंबई–गोरखपुर, दौंड–कलबुर्गी और सोलापुर–कलबुर्गी/अनकापल्ले के बीच भी विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि इन अतिरिक्त सेवाओं से यात्रियों को गर्मी की छुट्टियों में परिवार के साथ यात्रा की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी। ट्रेनों के समय, ठहराव और अन्य विस्तृत जानकारी शीघ्र ही जारी की जाएगी।
