■ अन्यथा कटेंगे कनेक्शन

● मुंबई
मुंबई महानगरपालिका के जल विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे 31 मार्च 2026 से पहले अपने बकाया जल बिल का भुगतान कर दें, ताकि जल आपूर्ति बिना किसी बाधा के जारी रह सके। इसके लिए जल अभियंता विभाग ने बकाया बिलों की वसूली हेतु विशेष अभियान शुरू किया है और सभी जल कनेक्शन धारकों से समयसीमा के भीतर लंबित राशि जमा करने का आग्रह किया है।
नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महानगरपालिका ने विभिन्न माध्यमों से बिल भुगतान की व्यवस्था उपलब्ध कराई है। विभागीय कार्यालयों में स्थित नागरिक सुविधा केंद्रों पर जाकर जल बिल का भुगतान किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त महानगरपालिका की आधिकारिक वेबसाइट aquaptax.mcgm.gov.in पर लॉग-इन कर ‘पानी विभाग’ के विकल्प के माध्यम से बिल की जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन भुगतान भी किया जा सकता है।
इसके साथ ही एनईएफटी, ऑनलाइन भुगतान प्रणाली और मोबाइल ऐप के जरिए भी जल बिल जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे नागरिक घर बैठे ही अपने बिल का भुगतान कर सकते हैं।
मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि 31 मार्च तक बकाया जल बिल जमा नहीं किया गया, तो मुंबई महानगरपालिका अधिनियम 1888 की धारा 279 (1)(अ) के तहत संबंधित जल कनेक्शन अस्थायी रूप से बंद करने की कार्रवाई की जा सकती है। इसलिए नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे समय पर बिल भरकर जल सेवा का लाभ निरंतर बनाए रखें।
