- एसी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन किराए पर लेने का दौर

● मुंबई
मुंबई में बड़े इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खरीदने की बजाय किराये पर लेने का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। खासकर साझा फ्लैट और को-लिविंग में रहने वाले युवा प्रोफेशनल अब एसी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन जैसी चीजें खरीदने के बजाय रेंटल मॉडल को प्राथमिकता दे रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई में नया फ्लैट सेट करने के लिए इन उपकरणों को खरीदने पर लगभग 50 हजार से 80 हजार रुपये तक का खर्च आ सकता है। ऐसे में कई लोग यह बड़ी रकम एक साथ खर्च करने से बचने के लिए किराये का विकल्प चुन रहे हैं।
मुंबई के कई इलाकों जैसे बांद्रा, अंधेरी, पवई और लोअर परेल में रहने वाले युवा प्रोफेशनल इस मॉडल को ज्यादा सुविधाजनक मान रहे हैं। साझा फ्लैट में रहने वाले लोगों के बीच उपकरण खरीदने में अक्सर पैसे का बंटवारा, मालिकाना हक और रिपेयर खर्च को लेकर विवाद हो जाते हैं।
रेंटल मॉडल में इन समस्याओं से राहत मिलती है क्योंकि मेंटेनेंस, सर्विसिंग और रिपेयरिंग की जिम्मेदारी कंपनी की होती है। इसके अलावा 11 महीने के रेंट एग्रीमेंट वाले फ्लैट में रहने वालों के लिए यह विकल्प अधिक लचीला माना जा रहा है।
