■ देश में बन रहा है नया सुपर एक्सप्रेसवे

● मुंबई
सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार एक बड़े ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि प्रस्तावित सूरत–कुर्नूल ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनने के बाद दिल्ली से दक्षिण भारत की दूरी लगभग 320 किलोमीटर तक कम हो जाएगी।
यह नया एक्सप्रेसवे सूरत से शुरू होकर नाशिक, अहमदनगर और सोलापुर जैसे प्रमुख शहरों से गुजरते हुए कुर्नूल तक पहुंचेगा। इसके बाद यह मार्ग आगे बढ़कर दक्षिण भारत के बड़े शहरों जैसे चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोच्चि और कन्याकुमारी से भी जुड़ जाएगा।
राज्यसभा में बोलते हुए गडकरी ने बताया कि फिलहाल उत्तर और दक्षिण भारत को जोड़ने वाले कई राष्ट्रीय राजमार्गों पर भारी ट्रैफिक रहता है। विशेष रूप से पुणे और कोल्हापुर के आसपास अक्सर जाम की स्थिति बनती है। नया हाईवे बनने से इन मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा।
गडकरी ने यह भी बताया कि दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे का लगभग 70 से 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। यह परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली से मुंबई के बीच सड़क यात्रा करीब 12 घंटे में पूरी की जा सकेगी।
