
● न्यूयार्क
टाइम ट्रेवल को लेकर दुनिया भर में अक्सर चर्चाएं होती रही हैं, लेकिन हाल ही में एक व्यक्ति के दावे ने लोगों को हैरान कर दिया है। अलेक्जेंडर स्मिथ नाम के शख्स ने कहा है कि वह भविष्य की यात्रा कर चुका है और वर्ष 2118 से वापस लौटा है।
स्मिथ का कहना है कि वह दुनिया के शुरुआती समय यात्रियों में शामिल है। अपने दावे को मजबूत करने के लिए उसने एक तस्वीर भी सार्वजनिक की है, जिसे वह वर्ष 2118 की बताता है। उसके अनुसार यह फोटो भविष्य की दुनिया की झलक दिखाती है।
उसने यह भी दावा किया कि वह एक गुप्त अभियान के तहत अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA से जुड़ा था। स्मिथ के अनुसार इस मिशन के दौरान उसे समय यात्रा के प्रयोग में शामिल किया गया था। वह कहता है कि भविष्य से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करके वह अपनी जान जोखिम में डाल रहा है और एजेंसी उसकी तलाश कर रही है, इसलिए उसे छिपकर रहना पड़ रहा है।
एक यूट्यूब वीडियो में स्मिथ ने बताया कि उसने वर्ष 1981 से सीधे 2118 तक की यात्रा की और फिर वर्तमान में लौट आया।
भविष्य की दुनिया के बारे में बताते हुए उसने कहा कि आने वाले समय में इंसानों का सामना एलियंस से होगा। उसके मुताबिक धरती पर एलियंस का आगमन 21वीं सदी के मध्य में हो चुका होगा और इंसानों को एक नई भाषा भी सुनने को मिलेगी। स्मिथ का यह भी कहना है कि भविष्य में जलवायु परिवर्तन की स्थिति में कुछ सुधार देखने को मिलेगा।
हालांकि उसके दावों की अभी तक किसी स्वतंत्र स्रोत से पुष्टि नहीं हुई है, फिर भी यह कहानी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
