■ प्रसाद में अब सिर्फ एक लड्डू
■ सिर्फ एक सब्जी और दाल-चावल के स्थान पर खिचड़ी

● शिर्डी
देश में गहराते गैस संकट का असर अब महाराष्ट्र के प्रसिद्ध तीर्थस्थल शिरडी साईं बाबा मंदिर पर भी दिखाई देने लगा है। प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बने इस मंदिर में गैस की सीमित उपलब्धता को देखते हुए श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट ने प्रसाद वितरण व्यवस्था में बदलाव करने का निर्णय लिया है।
संस्थान प्रशासन के अनुसार अब प्रत्येक श्रद्धालु को केवल एक लड्डू पैकेट ही दिया जाएगा। सामान्य दिनों में यहां प्रतिदिन लगभग 45 हजार लड्डू पैकेट बेचे जाते हैं, जबकि दर्शन की कतार में खड़े श्रद्धालुओं को करीब 50 हजार बूंदी के पैकेट निःशुल्क वितरित किए जाते हैं।
गैस की कमी के कारण लड्डू बनाने के लिए आवश्यक ईंधन का सीमित उपयोग करना पड़ रहा है। बताया गया है कि फिलहाल संस्थान के पास लड्डू निर्माण के लिए मात्र 10 से 12 दिनों का गैस भंडार ही शेष है। इसी स्थिति को देखते हुए संस्थान ने यह अस्थायी निर्णय लिया है, जिससे गैस की बचत की जा सके।

गैस संकट का असर मंदिर के प्रसादालय की भोजन व्यवस्था पर भी पड़ा है। अब श्रद्धालुओं को पहले की तरह दो सब्जियों की जगह एक सब्जी, चपाती तथा दाल-चावल के स्थान पर चावल की खिचड़ी परोसी जाएगी।
संस्थान ने गैस की खपत कम करने के लिए अपने सौर ऊर्जा संयंत्र का उपयोग भी बढ़ा दिया है। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सेवा प्रभावित न हो, इसके लिए उपलब्ध संसाधनों का संतुलित उपयोग किया जा रहा है।
