■ यूएस मिश्रा

भारतीय सिनेमा को मूक फिल्मों के दौर से साउंड और रंगीन फिल्मों के युग तक नई दिशा देनेवाले डायरेक्टर, प्रोड्यूसर, एक्टर वी. शांताराम की बायोपिक में ‘गली बॉय’ सिद्धांत चतुर्वेदी जहां वी. शांताराम का किरदार निभा रहे हैं, वहीं हाल ही में हुए एक कार्यक्रम में सिद्धांत को सम्मानित करते हुए वी. शांताराम के बेटे किरण शांताराम ने उन्हें अपने पिता वी. शांताराम के बायोपिक के लिए परफेक्ट चॉइस बताया।

कार्यक्रम में किरण शांताराम ने बताया कि उनके पिता की महान सिनेमाई विरासत को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से बनाई जा रही यह फिल्म उनके लिए इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि यह फिल्म उनकी 125वीं जयंती यानी 18 नवंबर, 2026 को रिलीज हो रही है। सिद्धांत पर पूरा भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि उनके पिता के किरदार को सिद्धांत जैसे मंझे हुए कलाकार निभा रहे हैं, जो उनके पिता वी. शांताराम की जीवनी के साथ पूरा न्याय करेंगे।

बता दें कि ‘दो आंखें बारह हाथ’, ‘नवरंग’ और ‘झनक झनक पायल बाजे’ जैसी क्लासिक फिल्मों का निर्माण करनेवाले महान निर्देशक वी. शांताराम की फिल्में सामाजिक विषयों और सिनेमाई प्रयोगों का न केवल अनोखा संगम रही, बल्कि उनकी फिल्मों ने भारतीय दर्शकों पर अपनी गहरी छाप भी छोड़ी। रही बात सिद्धांत की तो बिना किसी गॉडफादर के इंडस्ट्री में अपनी जगह बनानेवाले बलिया के रहनेवाले ‘गली बॉय’ सिद्धांत चतुर्वेदी के करियर में वी. शांताराम का किरदार उनके करियर में मील का पत्थर साबित होगा।
