
● मुंबई
मुंबई के प्रसिद्ध संजय गांधी नेशनल पार्क में पर्यटकों की पसंदीदा ‘वन रानी’ टॉय ट्रेन ने एक बार फिर पटरी पर दौड़ना शुरू कर दिया है। लगभग 50 वर्षों से लोगों को रोमांचित करती आ रही इस ऐतिहासिक टॉय ट्रेन का शनिवार को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने उद्घाटन किया।
कार्यक्रम के दौरान लंबे समय से बंद पड़ी यह ट्रेन अब आधुनिक तकनीक और पर्यावरण अनुकूल प्रणाली के साथ नए रूप में पर्यटकों की सेवा में लौट आई है। इस अवसर पर वन मंत्री गणेश नाईक, पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी, भाजपा नेता प्रवीण दरेकर, विधायक संजय उपाध्याय, विधायक मनीषा चौधरी आदि उपस्थित थे।
दरअसल वर्ष 2020 में आए भीषण चक्रवात के कारण ट्रेन का ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके चलते इसका संचालन बंद करना पड़ा था। बाद में राज्य सरकार की मंजूरी मिलने के बाद इसे फिर से तैयार किया गया और अब बैटरी से चलने वाली आधुनिक प्रणाली के साथ दोबारा शुरू किया गया है।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि ‘वन रानी’ टॉय ट्रेन दशकों से संजय गांधी नेशनल पार्क आने वाले पर्यटकों, विशेषकर बच्चों और परिवारों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही है। उन्होंने बताया कि नई प्रणाली के कारण यह ट्रेन पूरी तरह बैटरी संचालित है, जिससे पर्यावरण पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि देश विकास के साथ अपनी विरासत को भी संजोकर आगे बढ़ रहा है और ‘वन रानी’ टॉय ट्रेन इसका सशक्त उदाहरण है।
मुंबई के इस प्रमुख पर्यटन स्थल में टॉय ट्रेन के दोबारा शुरू होने से पार्क आने वाले पर्यटकों का अनुभव और भी रोचक तथा यादगार होने की उम्मीद जताई जा रही है।
