
● नोएडा
रसोई गैस सिलेंडर की कमी अब केवल घरेलू असुविधा नहीं रह गई है बल्कि कई परिवारों में तनाव का कारण बनती जा रही है। ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां गैस सिलेंडर समय पर न मिलने से नाराज़ एक महिला अपने पति और बच्चों को छोड़कर मायके चली गई। इस घटना ने पूरे गांव में चर्चा छेड़ दी है।
मिली जानकारी के अनुसार रबूपुरा थाना क्षेत्र के भन्नातागा गांव निवासी दिनेश खुर्जा में एक बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर के यहां ट्रैक्टर चालक के रूप में काम करता है। लगभग सात वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी और दंपती के दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले घर का रसोई गैस सिलेंडर खत्म हो गया था।
गैस समाप्त होने के बाद महिला को लकड़ी और उपलों से खाना बनाना पड़ रहा था। आरोप है कि पति कई दिनों से नया सिलेंडर लाने में लापरवाही कर रहा था, जिससे पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ता गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी कहासुनी हो गई।
बताया जाता है कि नाराज़ महिला ने साफ शब्दों में कह दिया कि यदि घर में जल्द गैस सिलेंडर नहीं आया तो वह ससुराल में नहीं रहेगी। सोमवार को वह अपने पति और बच्चों को छोड़कर मायके चली गई। जाते समय उसने यह भी कहा कि जब तक घर में गैस सिलेंडर नहीं आएगा, तब तक वह वापस नहीं लौटेगी।
महिला के मायके जाने के बाद यह मामला गांव में चर्चा का विषय बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमत और कई क्षेत्रों में आपूर्ति की समस्या के कारण लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार घरेलू जरूरत की इस समस्या के कारण कई परिवारों में तनाव बढ़ने लगा है। हालांकि इस मामले में पति की ओर से अभी तक थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
