
■ रवीन्द्र मिश्रा@मुंबई
मुंबई की आराध्य देवी के रूप में विख्यात मुंबादेवी मंदिर में 19 मार्च से चैत्र नवरात्र उत्सव मनाया जाएगा। मंदिर के प्रबंधक हेमंत जाधव के अनुसार गुरुवार, 19 मार्च को गुढी पाडवा है। इस दिन सुबह 7 से 8 बजे के बीच मंदिर में घट स्थापना की जाएगी। 23 मार्च को पंचमी के अवसर पर मंदिर में शाम 6 बजे दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दिन पूरे मंदिर को दीपों से सजाया जाएगा।
गुरुवार, 26 मार्च को दुर्गाष्टमी मनाई जाएगी। वहीं, शुक्रवार 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर हवन तथा श्री नवचंडी महायज्ञ का आयोजन किया गया है। हवन सुबह साढ़े 3 बजे से प्रारंभ होगा, जिसकी पूर्णाहुति सुबह 8 या साढ़े 8 बजे तक होगी।
इसी क्रम में बुधवार, 1 अप्रैल को यहां स्थित हनुमान मंदिर में श्री हनुमान जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पूर्णिमा के अवसर पर इस दिन सुबह 7 बजे से हवन शुरू होगा, जो 10 बजे तक चलेगा। इसी दिन नवचंडी यज्ञ भी संपन्न किया जाएगा।
