
● मुंबई
इंडियन प्रीमियर लीग के नए सीजन की शुरुआत में अब एक सप्ताह से भी कम समय शेष है, फिर भी पूरा कार्यक्रम सामने नहीं आया है। बीसीसीआई ने हाल ही में 28 मार्च से 12 अप्रैल तक के शुरुआती मुकाबलों का शेड्यूल जारी किया, जिसमें केवल 20 मैच शामिल हैं। इसके बाद से शेष मुकाबलों की तारीखों को लेकर उत्सुकता लगातार बनी हुई है।
सबसे बड़ा सवाल यही था कि इस बार कुल कितने मैच खेले जाएंगे, क्या संख्या 74 ही रहेगी या बढ़ाकर 80 कर दी जाएगी? अब रिपोर्ट्स से यह स्पष्ट हो गया है कि इस सीजन में भी कुल 74 मुकाबले ही होंगे। यानी अभी 54 मैचों का शेड्यूल जारी होना बाकी है, जिसे टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले सार्वजनिक किया जा सकता है।
पिछले दिनों यह चर्चा तेज थी कि मैचों की संख्या बढ़ाई जा सकती है, लेकिन ताजा जानकारी के अनुसार ऐसा नहीं होगा। बोर्ड ने फ्रेंचाइजी को संकेत दिया है कि शेष कार्यक्रम को अंतिम रूप देने में कुछ दिन और लग सकते हैं।
दरअसल, शुरुआती शेड्यूल सीमित रखने के पीछे विधानसभा चुनावों की तारीखों का इंतजार एक बड़ी वजह था। अब जब चुनावी कार्यक्रम घोषित हो चुका है, तो आयोजन से जुड़ी तस्वीर साफ होने लगी है। तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और असम में मतदान के दौरान चेन्नई, कोलकाता और गुवाहाटी में आईपीएल मुकाबले नहीं रखे जाएंगे। 29 मार्च तक मतदान प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और 4 मई को मतगणना होगी, इसलिए इन तिथियों के आसपास मैचों का आयोजन नहीं किया जाएगा।
इसी बीच राजस्थान रॉयल्स के होम ग्राउंड को लेकर भी स्थिति दिलचस्प बनी हुई है। शुरुआती तीन घरेलू मैच गुवाहाटी में निर्धारित हैं, लेकिन आगे के मुकाबले जयपुर में होंगे या किसी अन्य स्थान पर, इस पर अभी निर्णय बाकी है।
हालांकि एक बात तय है, टूर्नामेंट 28 मार्च से शुरू होकर 31 मई को फाइनल के साथ समाप्त होगा।
