
● मुंबई
रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2: द रिवेंज ने रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का ध्यान खींचा है। फिल्म की सफलता के साथ ही इसका पोस्ट-क्रेडिट सीन अब नई बहस का केंद्र बन गया है। सोशल मीडिया पर फिल्म के कई दृश्य अलग-अलग नजरिए से वायरल हो रहे हैं, जिनमें तीसरे भाग को लेकर अटकलें भी शामिल हैं।
इन दिनों एक दावा तेजी से फैल रहा है कि ‘धुरंधर 3’ 14 जून को रिलीज हो सकती है। इस खबर ने फैंस के उत्साह को और बढ़ा दिया है। दरअसल, ‘धुरंधर 2’ में एक नहीं, बल्कि दो पोस्ट-क्रेडिट सीन हैं, जो कहानी को आगे बढ़ाने के संकेत देते हैं। यही कारण है कि दर्शक अपनी-अपनी थ्योरी गढ़ रहे हैं, कुछ इसे सच मान रहे हैं, तो कुछ इसे महज अफवाह बता रहे हैं।
फिल्म के निर्देशक आदित्य धर ने भी दर्शकों से पोस्ट-क्रेडिट सीन देखने की अपील की थी, जिसके बाद से कयासों का दौर और तेज हो गया। छोटी-छोटी बातों को जोड़कर बड़े निष्कर्ष निकाले जा रहे हैं।
हालांकि, यदि वास्तविक स्थिति की बात करें तो अब तक ‘धुरंधर 3’ की रिलीज को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। वायरल हो रही खबरों की पुष्टि मेकर्स ने नहीं की है। इतना जरूर स्पष्ट है कि पोस्ट-क्रेडिट सीन के माध्यम से कहानी को आगे बढ़ाने की संभावनाएं छोड़ी गई हैं, जिससे फ्रेंचाइजी के विस्तार के संकेत मिलते हैं।
फिलहाल, दर्शकों को आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा, तभी यह स्पष्ट हो सकेगा कि ‘धुरंधर 3’ कब और कैसे पर्दे पर आएगी।
