
● मुंबई
मुंबई के मशहूर मरीन ड्राइव पर सोमवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना घटी, जब 46 वर्षीय महिला ने समुद्र में छलांग लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। यह घटना सुबह करीब 11:25 बजे की बताई जा रही है, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला अचानक मरीन ड्राइव की रेलिंग पार कर सीधे समुद्र में कूद गई। घटना को देख रहे लोगों ने तुरंत शोर मचाया और पास में मौजूद पुलिसकर्मियों को सूचित किया। मौके पर तैनात मुंबई पुलिस के एक जवान ने बिना एक पल गंवाए बहादुरी दिखाते हुए समुद्र में छलांग लगा दी।
तेज लहरों और मुश्किल हालात के बावजूद पुलिसकर्मी ने महिला तक पहुंचकर उसे सुरक्षित पकड़ लिया और कुछ ही मिनटों में बाहर ले आया।
घटना के बाद महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत स्थिर बताई है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।
