
● मुंबई
मुंबई में बुधवार को मौसम का मिजाज बदल सकता है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शहर में देर रात या गुरुवार तड़के गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे मौसम में अचानक बदलाव महसूस होगा।
दिनभर आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है, लेकिन इससे गर्मी और उमस से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। नमी का स्तर अधिक रहने के कारण लोगों को दिनभर चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम में बदलाव की संभावना के बीच मुंबई की वायु गुणवत्ता फिलहाल संतोषजनक बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, शहर का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 47 दर्ज किया गया है, जो ‘अच्छी’ श्रेणी में आता है। इसका अर्थ है कि हवा का स्वास्थ्य पर बहुत कम प्रभाव पड़ रहा है।
शहर के विभिन्न इलाकों में भी वायु गुणवत्ता बेहतर दर्ज की गई। बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में 46, बोरीवली में 47, भाईंदर में 47, भायखला में 58, अंधेरी में 31, चेंबूर में 43, कोलाबा में 47 और कुर्ला में 61 एक्यूआई दर्ज किया गया। अधिकांश क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता ‘अच्छी’ से ‘संतोषजनक’ श्रेणी के बीच बनी हुई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के चलते आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही और बारिश की संभावना बढ़ सकती है।
