
- मुंबई। एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने ‘भारतगैस लाइट ज़िप’ नाम से नई प्रीमियम सेवा शुरू की है। इस सेवा के तहत ग्राहकों को हल्के वजन वाले कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर, तुरंत नया गैस कनेक्शन और एक्सप्रेस डिलीवरी जैसी सुविधाएं मिलेंगी। फिलहाल इसकी शुरुआत मुंबई से की गई है और 15 अगस्त तक इसे देश के 24 राज्यों के 100 शहरों में शुरू करने की योजना है।
नई सेवा की सबसे बड़ी खासियत इसका कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर है, जो पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में काफी हल्का है। इसे उठाना और एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाना आसान होगा। यह विशेष रूप से महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और छोटे परिवारों के लिए अधिक सुविधाजनक माना जा रहा है। साथ ही इसमें जंग लगने की समस्या भी नहीं होगी।
इस सिलेंडर का पारदर्शी बाहरी आवरण ग्राहकों को बिना किसी उपकरण के यह देखने की सुविधा देता है कि अंदर कितना गैस शेष है। इससे समय रहते रीफिल बुक कराया जा सकेगा और अचानक गैस खत्म होने की परेशानी नहीं होगी। कंपनी का दावा है कि नया डिजाइन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और आधुनिक है।
बीपीसीएल का कहना है कि तेजी से बदलती जीवनशैली और ग्राहकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यह सेवा शुरू की गई है। कंपनी को उम्मीद है कि हल्के सिलेंडर, तेज कनेक्शन और शीघ्र डिलीवरी जैसी सुविधाओं से उपभोक्ताओं का अनुभव पहले से बेहतर होगा।
