▪️ एकनाथ शिंदे का बड़ा ऐलान

- पंढरपुर। आषाढ़ी एकादशी के मौके पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पंढरपुर से बड़ा और साफ संदेश दिया, विकास होगा, लेकिन किसानों की सहमति के बिना नहीं। पंढरपुर कॉरिडोर को लेकर जारी विवाद के बीच उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी कीमत पर जबरदस्ती नहीं की जाएगी और पहले किसानों को विश्वास में लिया जाएगा।
शिंदे ने कहा कि हर साल बढ़ती वारकरी संख्या के कारण पंढरपुर में सुविधाओं का विस्तार जरूरी हो गया है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास के नाम पर स्थानीय नागरिकों, किसानों और व्यापारियों के साथ अन्याय नहीं होगा। सरकार सभी पक्षों को साथ लेकर आगे बढ़ेगी।

वारकरियों की सुविधा पर जोर देते हुए उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और मेडिकल कैंप बढ़ाने की बात कही। साथ ही चंद्रभागा नदी में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए ठोस योजना बनाए जाने का भरोसा दिया।
शक्तिपीठ महामार्ग पर विरोध को लेकर उन्होंने कहा कि समृद्धि महामार्ग की तरह इस परियोजना के फायदे भी जल्द सामने आएंगे और जरूरत पड़ने पर अलाइनमेंट में बदलाव किया जाएगा। राजनीतिक हमला बोलते हुए उद्धव ठाकरे के रामरक्षा आंदोलन को शिंदे ने सिर्फ दिखावा बताया।
