
▪️ मुंबई
रेलवे टिकटों की कालाबाजारी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की कार्रवाई लगातार जारी है। सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत प्राप्त जानकारी से खुलासा हुआ है कि पिछले पांच वर्षों में अवैध टिकट दलाली (टाउटिंग) के 1,676 मामले दर्ज किए गए हैं। यह जानकारी आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली को केंद्रीय रेलवे सुरक्षा बल, मध्य रेलवे मुख्यालय, मुंबई से प्राप्त हुई।
आरटीआई के अनुसार, वर्ष 2022 से जून 2026 तक रेलवे टिकटों की अवैध दलाली के मामलों में करोड़ों रुपए मूल्य के ई-टिकट और जेसीआर टिकट जब्त किए गए। साथ ही सैकड़ों टाउट और एजेंटों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2022 में 309, वर्ष 2023 में 399, वर्ष 2024 में सर्वाधिक 502, वर्ष 2025 में 356 और जून 2026 तक 110 मामले दर्ज किए गए। इन मामलों में कुल 88,49,299.55 रुपए मूल्य के जेसीआर टिकट तथा 9,62,01,653.02 रुपए मूल्य के ई-टिकट जब्त किए गए।
आरटीआई के जवाब के अनुसार, अवैध टिकट बुकिंग और टाउटिंग के आरोप में वर्ष 2022 में 318 टाउट और 52 एजेंट, वर्ष 2023 में 356 टाउट और 141 एजेंट, वर्ष 2024 में 411 टाउट और 204 एजेंट तथा वर्ष 2025 में 429 टाउट और 13 एजेंट गिरफ्तार किए गए। वहीं, जुलाई 2026 तक 127 टाउट गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि इस वर्ष अब तक किसी एजेंट की गिरफ्तारी दर्ज नहीं की गई है।
