
▪️मुंबई
महाराष्ट्र में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आषाढ़ी एकादशी तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ माणिकराव खुळे ने बताया कि 22 और 23 जुलाई को कई क्षेत्रों में वर्षा की तीव्रता और बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल राज्य में मानसूनी गतिविधियां मजबूत बनी हुई हैं। मुंबई, ठाणे, पालघर और कोंकण क्षेत्र में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जबकि पश्चिम महाराष्ट्र के कई इलाकों में भी मध्यम से तेज वर्षा का अनुमान है। दूसरी ओर, मराठवाड़ा और उत्तर महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि 26 जुलाई (द्वादशी) से महीने के अंत तक मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कई जिलों में बारिश की तीव्रता कम होने तथा मौसम खुलने की संभावना है। हालांकि मुंबई, कोंकण और विदर्भ के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विशेषज्ञ माणिकराव खुळे के अनुसार, मौसम में यह बदलाव मानसूनी द्रोणिका के उत्तर की ओर खिसकने और अरब सागर से आने वाली मानसूनी हवाओं के कमजोर पड़ने के कारण संभव है। इसके चलते कई इलाकों में वर्षा की तीव्रता घट सकती है।
उन्होंने यह भी कहा कि अगस्त के पहले सप्ताह में महाराष्ट्र में बारिश की अगली स्थिति उस समय बनने वाली नई मौसम प्रणालियों पर निर्भर करेगी। वहीं, जुलाई में हुई वर्षा से बांधों और जलाशयों के जलस्तर में कुछ बढ़ोतरी दर्ज की गई है और मानसून के शेष दौर में जल भंडारण में और सुधार होने की उम्मीद है।
