
▪️मुंबई
मुंबई और पुणे के बीच बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए पुराने मुंबई-पुणे हाईवे को छह लेन में तब्दील करने की बड़ी योजना सामने आई है। महाराष्ट्र स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एमएसआरडीसी) ने इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर ) तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। डीपीआर पूरी होने के बाद परियोजना का अंतिम स्वरूप और डिजाइन तय किया जाएगा।
एमएसआरडीसी के अधीक्षक अभियंता राहुल वासाइकर के मुताबिक, इस सड़क के चौड़ीकरण से यातायात को सुगम बनाने और यात्रा समय घटाने में मदद मिलेगी। ऐतिहासिक दृष्टि से भी यह हाईवे बेहद अहम रहा है। ब्रिटिश काल में इसे मुंबई को डेक्कन पठार से जोड़ने के लिए बोरी घाट के रास्ते विकसित किया गया था। साल 2010 में इसे नेशनल हाईवे-48 (एन एच -48) का हिस्सा घोषित किया गया।
करीब 150-156 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को पहले दो लेन से चार लेन किया गया था, और अब इसे छह लेन में अपग्रेड करने की योजना है।
