● विस्टाडोम की तर्ज पर है नई सेवा

मुंबई।
तीन साल के लंबे इंतजार के बाद संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान की प्रिय टॉय ट्रेन ‘वन रानी’ एक बार फिर पटरियों पर लौट आई है। 2021 में आए चक्रवात ताउते के कारण इस सेवा को बंद कर दिया गया था, जिससे पर्यटकों और बच्चों को निराशा हुई थी।
अब पूरी तरह से मरम्मत और पर्यावरण के अनुकूल तकनीक से सुसज्जित होकर वन रानी फिर से हरियाली के बीच पटरियों पर दौड़ने लगी है। यह खिलौना ट्रेन करीब 5.5 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले कृष्णगिरी उपवन में घूमती है और एक बार में 80 यात्रियों को ले जाने में सक्षम है। यह यात्रा स्थानीय निवासियों और पर्यटकों के लिए मनोरंजन और प्रकृति से जुड़ाव का नया माध्यम बनकर उभरी है। उद्यान प्रशासन ने जानकारी दी है कि जल्द ही एक दूसरी ओपन एयर रेल भी शुरू की जाएगी, जिससे उद्यान की यात्रा और भी रोचक और रोमांचक हो जाएगी।
इस बीच उद्यान से जुड़ी एक और अहम जानकारी सामने आई है। वर्ष 2024 की वन्यजीव जनगणना के अनुसार, अब संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में 54 तेंदुए निवास करते हैं। महाराष्ट्र के वन मंत्री गणेश नाईक ने हाल ही में राज्य विधान परिषद में यह आंकड़े साझा किए। उनके अनुसार, संरक्षण प्रयासों और प्राकृतिक आवास की सुरक्षा के चलते तेंदुओं की संख्या वर्ष 2015 के 35 से बढ़कर 2024 में 54 तक पहुंच गई है।