
▪️मुंबई
मुंबई महानगर और आसपास के इलाकों में रविवार को लोकल ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को पहले से योजना बनाकर निकलने की सलाह दी गई है। मध्य रेलवे ट्रैक और सिग्नल प्रणाली के रखरखाव के लिए मेगा ब्लॉक लगाएगा, जिससे कई लोकल ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। कुछ ट्रेनों के समय में बदलाव किया जाएगा, कई सेवाओं को डायवर्ट किया जाएगा, जबकि कुछ स्टेशनों पर ट्रेनें नहीं रुकेंगी।
मुख्य लाइन पर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) से विद्याविहार के बीच अप और डाउन स्लो लाइन पर सुबह 10:55 बजे से दोपहर 3:55 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। इस दौरान स्लो लाइन की कई लोकल ट्रेनों को फास्ट लाइन पर चलाया जाएगा। इसके कारण मस्जिद, सैंडहर्स्ट रोड, चिंचपोकली, करी रोड और विद्याविहार स्टेशनों पर कुछ लोकल ट्रेनों का ठहराव नहीं होगा।
वहीं, हार्बर लाइन पर पनवेल और वाशी के बीच अप एवं डाउन मार्ग पर सुबह 11:05 बजे से शाम 4:05 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। इस अवधि में हार्बर और ट्रांस-हार्बर लाइन की कई लोकल सेवाएं रद्द रहेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों का मार्ग बदला जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन का समय और रूट की जानकारी जांचने की अपील की है।
