
- मुंबई। दक्षिण मुंबई के प्रमुख मार्गों में शामिल प्रभादेवी (एलफिंस्टन) रेलवे फ्लाईओवर जल्द ही नए रूप में नजर आएगा। 112 वर्ष से अधिक पुराने ब्रिटिशकालीन पुल को हटाकर यहां करीब 167.35 करोड़ रुपए की लागत से दो मंजिला फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। महाराष्ट्र रेल इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (महारेल) ने इसका काम नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने पुराने पुल को हटाने और नए पुल के निर्माण की जिम्मेदारी महारेल को सौंपी है। नया फ्लाईओवर बनने के बाद दक्षिण मुंबई में यातायात व्यवस्था को राहत मिलने की उम्मीद है।
नए फ्लाईओवर की कुल लंबाई 132 मीटर होगी। निचले स्तर पर फुटपाथ के साथ दोनों दिशाओं में दो-दो लेन होंगी। यह हिस्सा स्थानीय यातायात के लिए पूर्व और पश्चिम क्षेत्र को जोड़ेगा।
ऊपरी स्तर का फ्लाईओवर शिवड़ी-वरली एलिवेटेड मार्ग से जुड़ेगा। इस पर भी दोनों दिशाओं में दो-दो लेन होंगी, लेकिन फुटपाथ की सुविधा नहीं होगी। इसके बनने से शिवड़ी-न्हावा शेवा अटल सेतु की ओर आने-जाने वाले वाहनों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।
